बटेश्वर जंगल में मिले युवक के शव मामले में आरोपी गिरफ्तार, हत्या के मुकदमे में थी तलाश
आगरा। थाना बसौनी पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गोपीपुरा मोड़ के पास से दबोचा। गिरफ्तारी उस मामले में हुई है जिसमें बटेश्वर के जंगलों में एक युवक का शव बरामद हुआ था।
पुलिस के अनुसार, मृतक युवक 3 मार्च 2026 से लापता था। काफी तलाश के बाद 25 अप्रैल 2026 को उसका शव थाना बाह क्षेत्र के बटेश्वर के जंगलों में मिला था। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या ग्राम रिहावली निवासी राहुल पुत्र राजू उर्फ राजेश ने की है। शिकायत के आधार पर थाना बसौनी में मु0अ0सं0 14/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा एवं पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त पिनाहट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने लगातार सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गोपीपुरा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। मामले की जांच और पूछताछ की कार्रवाई जारी है।