नाले के ऊपर बना स्कूल बना खतरे की घंटी, चार मकान गिरने के बाद डीएम ने किया निरीक्षण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 4 जून 2026

नाले के ऊपर बना स्कूल बना खतरे की घंटी, चार मकान गिरने के बाद डीएम ने किया निरीक्षण

नाले के ऊपर बना स्कूल बना खतरे की घंटी, चार मकान गिरने के बाद डीएम ने किया निरीक्षण

आगरा। बालूगंज क्षेत्र में बारिश के बाद चार मकानों के ढहने की घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया।

निरीक्षण में पता चला कि क्षेत्र स्थित बेनी सिंह इंटर कॉलेज की इमारत सीधे नाले के ऊपर बनी हुई है और भवन के बीचोंबीच से नाला गुजर रहा है। डीएम ने स्कूल भवन और आसपास के इलाके का जायजा लिया तो पाया कि भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। वहीं आसपास के कई मकानों में भी दरारें दिखाई दीं, जिससे भविष्य में और हादसों की आशंका बढ़ गई है।

गौरतलब है कि सोमवार तड़के हुई बारिश के बाद बालूगंज निवासी अजय के परिवार के चार मकान अचानक भरभराकर गिर गए थे। राहत की बात यह रही कि हादसे से कुछ समय पहले ही परिवार के सदस्य घरों से बाहर निकल आए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ढहे हुए मकान नाले के किनारे बने हुए थे। वहीं, बेनी सिंह इंटर कॉलेज की एक कक्षा का फर्श कुछ समय पहले नाले में धंस गया था, जिससे नाले का प्रवाह प्रभावित हो गया। इसके बाद पानी लगातार मकानों की नींव तक पहुंचता रहा। बारिश और रिसाव के कारण दीवारें कमजोर होती चली गईं और आखिरकार चारों मकान ढह गए।

विद्यालय प्रबंधन ने भी प्रशासन को बताया कि स्कूल भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में है और इसकी वर्तमान स्थिति विद्यार्थियों तथा शिक्षकों की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुकी है। विद्यालय में वर्तमान में करीब 20 छात्र अध्ययनरत हैं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी छात्रों को जल्द से जल्द किसी सुरक्षित एवं निकटवर्ती विद्यालय में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही भवन की तकनीकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन अब नाले के आसपास बने अन्य जर्जर मकानों और संरचनाओं का भी सर्वे कराने की तैयारी कर रहा है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

video

Pages