हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने नकदी और ताश के पत्ते किए बरामद
आगरा। कमिश्नरेट आगरा में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कागारौल पुलिस ने जुआ खेल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी और ताश के पत्ते बरामद कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को थाना कागारौल पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बा कागारौल स्थित बड़ी मस्जिद के पास एक खाली प्लॉट में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
पुलिस कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सगैर अहमद पुत्र जमील अहमद निवासी कस्बा कागारौल तथा गुलफान पुत्र मज्जो निवासी कस्बा अछनेरा के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 52 ताश के पत्ते और 9,950 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर थाना कागारौल में मु0अ0सं0 64/2026 के तहत धारा 13-जी जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी अंकुर राठी ने बताया कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।