फेसबुक पर तमंचे के साथ 'टशन' दिखाना पड़ा भारी: बरहन पुलिस ने सोशल मीडिया के 'शौकीन' को दबोचा, अवैध हथियार बरामद
अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रहे थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी, सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर
आगरा:-सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो और वीडियो साझा कर खुद को 'डॉन' साबित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगरा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ताजा मामला थाना बरहन क्षेत्र का है, जहां फेसबुक स्टोरी पर अवैध तमंचे के साथ फोटो पोस्ट करने वाले युवक को बरहन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ है।
पुलिस कमिश्नरेट आगरा के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त पश्चिमी के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरहन पुलिस को यह सफलता मिली।
गुरुवार को थाना बरहन पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फेसबुक पर अवैध हथियार के साथ फोटो वायरल करने वाला युवक कुरगवां बिजली घर चौराहे के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजय पुत्र बन्टू निवासी ग्राम मझौआ, थाना बरहन, जनपद आगरा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी तमंचा एवं एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना बरहन में आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
यह कार्रवाई इस बात का स्पष्ट संदेश है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो या वीडियो डालकर कानून को चुनौती देने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपराध का महिमामंडन करने वालों के विरुद्ध पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।
थाना बरहन के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर भी विशेष फोकस कर रही है। उनकी अगुवाई में थाना बरहन पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों में खौफ और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।