आगरा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न
23 बच्चों के गलत वजन दर्ज मिलने पर, आंगनबाड़ी केंद्रों की रेंडम जांच के दिए निर्देश
प्रशिक्षण कार्य में लापरवाही पर सीडीपीओ और डीपीओ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
जनपद में 386 आंगनबाड़ी पद रिक्त, भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने, सैम बच्चों की शत-प्रतिशत एनआरसी भर्ती सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
पोषण वाटिकाओं की संयुक्त जांच के लिए सीडीओ, डीपीओ और डीसी एनआरएलएम को सौपी गई जिम्मेदारी
कार्य प्रगति शून्य मिलने पर बिचपुरी एवं अकोला के सीडीपीओ के स्थानांतरण करने के दिए निर्देश।
आंगनबाड़ी भवन निर्माण एवं सक्षम केंद्रों के लंबित कार्य शीघ्र पूरा कराने, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में अधिक से अधिक पात्र महिलाओं का पंजीकरण कराने के निर्देश।
डीपीओ की कार्यप्रणाली पर जिलाधिकारी ने जताई कड़ी नाराजगी, निलंबन की चेतावनी और शो-कॉज नोटिस जारी करने के दिए निर्देश।
आगरा:- जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सर्व प्रथम विगत बैठक की अनुपालन आख्या तलब की। जिलाधिकारी महोदय के समक्ष जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा जनपद में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार सेवाओं का प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में सैम बच्चों की आख्या रिपोर्ट तलब की जिसमें बताया गया कि परियोजना स्तर पर समस्त पंजीकृत बच्चों का चिन्हांकन सुनिश्चित किया गया है। पिछली बैठक के 23 बच्चों के गलत वजन पाए जाने पर जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी जताई गई तथा संबंधित प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर समस्त बच्चों की रेंडम चेकिंग एवं आंगनबाड़ी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा प्रशिक्षण की रिपोर्ट तलब की गई, जिसमें बताया गया कि तो सभी सीडीपीओ द्वारा संतुष्टिपूर्ण जवाब नहीं दिया गया, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अगले माह तक प्रशिक्षण के समस्त बिंदुओं पर कार्य करने तथा डीपीओ के खिलाफ कार्रवाई हेतु शासन में पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों के रिपोर्ट कार्ड तैयार करने की जानकारी प्राप्त की, जिसमें बताया गया कि समस्त केंद्रों पर ईसीसीई कार्ड तैयार कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा बच्चों के अभिभावकों के साथ साझा किया जाएगा। बैठक में पोषण पुनर्वास केंद्रों पर सैम बच्चों के प्रतिशत में सुधार लाने के विषय पर बताया गया कि जनपद के चिन्हित ब्लॉक के सीडीपीओ को निर्देश दिए गए हैं कि पोषण पुनर्वास केंद्रों पर शत प्रतिशत बच्चों की भर्ती की जाए, जिससे अधिक से अधिक सैम बच्चों की स्थिति में सुधार लाया जा सके।
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के रिक्त पदों पर विवरण मांगे जाने पर बताया गया कि जनपद में कुल 386 पद रिक्त हैं। रिक्ति की प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं होने पर जिलाधिकारी द्वारा शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संभव अभियान का स्कोर बेहतर रखने के निर्देश दिए। स्मार्टफोन के वितरण में समिति की रिपोर्ट तलब करने पर डीपीओ द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट से जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी जताई गई। टीएचआर यूनिटों के संचालन में आ रही समस्याओं को दूर करने के जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए। कार्य प्रगति रिपोर्ट शून्य मिलने पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा बिचपुरी एवं अकोला के सीडीपीओ को जैतपुर एवं जगनेर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। बैठक में पोषण वाटिकाओं की स्थिति की जानकारी मांगे जाने पर जिलाधिकारी द्वारा सीडीओ, डीपीओ एवं डीसी एनआरएलएम को संयुक्त रूप से समस्त पोषण वाटिकाओं पर जाकर प्रत्येक बिंदु पर जांच के निर्देश दिए। पोषण ट्रैक लाभार्थियों के एफआरएस की स्थिति पर पूरे प्रदेश की रिपोर्ट देखकर आगामी कार्रवाई के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण की स्थिति जानने पर बताया गया कि जिलाधिकारी के अनुमोदन उपरांत पीडब्ल्यूडी को धनराशि स्थानांतरित कर दी गई है। जो लंबित हैं, उनका निर्माण शीघ्र कराया जा रहा है। सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों पर विगत दो वर्षों के कार्य पूर्ण नहीं होने पर जिलाधिकारी ने शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के पंजीकरण बढ़ाते हुए अधिक से अधिक पात्रों को लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने जिला कार्यक्रम अधिकारी की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विभागीय प्रमुख सचिव एवं निदेशक को अवगत कराने एवं निलंबन की चेतावनी देते हुए शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज मौर्य,,डिप्टी सीएमओ डॉ सुरेंद्र मोहन प्रजापति, डीसी मनरेगा रामायन सिंह यादव, डीसी एनआरएलएम राजन राय सहित सभी सीडीपीओ व रॉकेट लर्निंग एवं प्रथम संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
------------