आगरा में शोले’ का वीरू बना मथुरा का आशिक: शादीशुदा प्रेमिका के लिए चढ़ गया मोबाइल टावर पर, तमाशा देखने उमड़ी भारी भीड़ - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 11 जून 2026

आगरा में शोले’ का वीरू बना मथुरा का आशिक: शादीशुदा प्रेमिका के लिए चढ़ गया मोबाइल टावर पर, तमाशा देखने उमड़ी भारी भीड़

आगरा में शोले’ का वीरू बना मथुरा का आशिक: शादीशुदा प्रेमिका के लिए चढ़ गया मोबाइल टावर पर, तमाशा देखने उमड़ी भारी भीड़

जनपद आगरा:- प्यार में लोग सात समंदर पार कर जाते हैं, लेकिन मथुरा के एक सिरफिरे आशिक ने अपनी मोहब्बत को पाने के लिए सीधे मोबाइल टावर की ऊंचाई नाप दी। आगरा के कुबेरपुर क्षेत्र के छलेसर गांव में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 21 साल का युवक फिल्मी अंदाज में टावर पर चढ़ गया और चिल्ला-चिल्लाकर आत्महत्या की धमकी देने लगा। उसकी मांग सिर्फ एक थी "मेरी शादीशुदा प्रेमिका को तुरंत यहां बुलाओ, नहीं तो नीचे कूद जाऊंगा! इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए देखते ही देखते नीचे सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

जानिए आखिरकार क्या है पूरा मामला

टावर पर चढ़े युवक की पहचान मथुरा के राया थाना क्षेत्र के प्रहरी गांव निवासी ललित 21 वर्ष के रूप में हुई है। ललित तड़के सुबह ही छलेसर स्थित वोडाफोन के ऊंचे टावर पर जा बैठा। जब नीचे लोगों की नजर उस पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जब पुलिस ने नीचे से मोबाइल फोन के जरिए ललित से संपर्क साधा, तो उसने अपनी जो दास्तान सुनाई, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए।ललित ने बताया कि वह मथुरा के जैत थाना क्षेत्र की एक महिला से बेपनाह मोहब्बत करता है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि जिस महिला के लिए ललित जान देने पर आमादा था, उसकी न सिर्फ शादी हो चुकी है, बल्कि उसका एक बच्चा भी है।

पुलिस ने जब ललित की इस करतूत की जानकारी उसके घरवालों को दी, तो उन्होंने मौके पर आने से साफ इनकार कर दिया। 

घंटों चला सस्पेंस ड्रामा, पुलिस ने सूझबूझ से बचाई जान

अपने ही परिवार से झटका खाने के बाद पुलिस के सामने ललित को सुरक्षित नीचे उतारने की बड़ी चुनौती थी। एत्मादपुर पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय दिया। पुलिस अधिकारियों ने नीचे से लगातार ललित की काउंसलिंग की उसे प्यार से समझाया और उसकी हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया। "तुम नीचे आओ, हम तुम्हारी बात करवाएंगे..." पुलिस के इस आश्वासन और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार ललित का गुस्सा शांत हुआ और वह धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया।

ललित के सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस और वहां मौजूद भीड़ ने राहत की सांस ली। इंस्पेक्टर एत्मादपुर ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद उसे पुलिस की एक विशेष टीम के साथ मथुरा उसके घर सुपुर्दगी के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की जरूरी विधिक कार्रवाई कर रही है।
लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है—लोग कह रहे हैं कि प्यार अंधा होता है, यह तो सुना था, लेकिन इतना 'ऊंचा' होता है, यह आज देख लिया।

video

Pages