बरेली में विज्ञान भारती की साधारण सभा का आयोजन,प्रो मनोज रावत अध्यक्ष एवं डा संध्या अग्रवाल महासचिव निर्वाचित
आगरा:-विज्ञान भारती, ब्रज प्रांत की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन ICAR–Indian Veterinary Research Institute (IVRI), इज्जतनगर, बरेली में आयोजन किया गया, जिसमें नवीन सत्र के लिए आगरा के प्रो मनोज कुमार रावत को प्रांत अध्यक्ष एवं डा संध्या अग्रवाल को प्रांत महासचिव सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव अधिकारी डॉ प्रवीन सिंह ने ये घोषणा की।
वार्षिक साधारण सभा की शुरुआत विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रवीण रामदास ने भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित विज्ञान भारती के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रामदास ने कहा कि विज्ञान भारती, भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा एवं आधुनिक विज्ञान के समन्वय के उद्देश्य से पूरे देश में कार्य कर रही है। आज विज्ञान भारती देश के उच्च शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक संस्थानों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर चुकी है। उन्होंने ब्रज प्रांत में विज्ञान भारती के कार्य विस्तार पर भी चर्चा की।
क्षेत्रीय संगठन मंत्री आशुतोष सिंह ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण को समाज में सुदृढ़ करने तथा राष्ट्र हित में विज्ञान आधारित जागरूकता फैलाने हेतु सामूहिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत हेतु विज्ञान भारती द्वारा किए जा रहे है कार्यों को रेखांकित किया।
इससे पूर्व प्रांत महासचिव डा संध्या अग्रवाल ने वर्ष भर की गतिविधियों की वार्षिक आख्या प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. अमित अग्रवाल तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रवि शरण सिंह ने किया।
प्रांत अध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार रावत ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की। नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष के रूप में आगरा से प्रो. अमित अग्रवाल, सचिव डॉ. यशश्विता चौहान, मीडिया समन्वयक नीरज अग्रवाल, शक्ति समन्वयक डा सीमा गुप्ता, रितु सिसोदिया, विश्व वेद विज्ञान सम्मेलन की राज्य समन्वयक प्रो सीमा भदौरिया, NASYA के प्रांत समन्वयक राजीव कुमार गर्ग, निजी विश्वविद्यालय प्रमुख डॉ आयुष मंगल, टेक-4-सेवा समन्वयक डॉ बीएस कुशवाह, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रो रामबीर सिंह एवं डॉ आकाश त्रिपाठी सहित 35 सदस्यीय कार्यकारिणी घोषित की।
साधारण सभा में डॉ भीम राव आम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की कुलपति प्रो आशु रानी को विज्ञान भारती ब्रज प्रांत के संरक्षक के रूप में मनोनीत किया गया है।