अवैध खनन पर खेरागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी समेत तीन वाहन सीज
आगरा। थाना खेरागढ़ क्षेत्र के ग्राम नगला विष्णु में अवैध खनन की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक जेसीबी (लोडर) और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मिट्टी सहित सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर थाना खेरागढ़ पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान अवैध रूप से मिट्टी खनन किए जाने की पुष्टि होने पर एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरी मिट्टी को कब्जे में लेकर धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
मामले की सूचना तत्काल उपजिलाधिकारी खेरागढ़ एवं संबंधित खनन विभाग को भी उपलब्ध करा दी गई है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
पुलिस द्वारा वाहनों के स्वामियों तथा अवैध खनन में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन जैसी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।