सायरन बजते ही थिरक उठा कॉसमॉस मॉल: डॉ एमपीएस के छात्रों के फ्लैश मॉब ने जीता सबका दिल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 21 जून 2026

सायरन बजते ही थिरक उठा कॉसमॉस मॉल: डॉ एमपीएस के छात्रों के फ्लैश मॉब ने जीता सबका दिल

सायरन बजते ही थिरक उठा कॉसमॉस मॉल: डॉ एमपीएस के छात्रों के फ्लैश मॉब ने जीता सबका दिल

आगरा। शहर के कॉसमॉस मॉल में शनिवार को उस समय लोगों का ध्यान अचानक एक अनोखे आयोजन ने अपनी ओर खींच लिया, जब सायरन बजते ही अलग-अलग स्थानों पर मौजूद छात्र-छात्राएं दौड़कर एक स्थान पर पहुंचे और शानदार फ्लैश मॉब डांस प्रस्तुत करने लगे। डॉ एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स द्वारा आयोजित इस ‘फ्लैश मॉब 2.0’ कार्यक्रम में 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि प्रतिभागी पहले से ही कॉसमॉस मॉल परिसर के आसपास विभिन्न स्थानों पर सामान्य दर्शकों की तरह मौजूद थे। जैसे ही सायरन बजा, सभी छात्र-छात्राएं एक साथ निर्धारित स्थल पर पहुंचे और ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अचानक शुरू हुए इस प्रदर्शन ने मॉल में मौजूद लोगों को चौंका दिया और कुछ ही पलों में बड़ी संख्या में लोग इसे देखने के लिए एकत्र हो गए।

छात्र-छात्राओं की तालमेल, ऊर्जा और रचनात्मकता से भरपूर प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम को आगरा सहित अन्य शहरों के कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भी कवर किया, जिससे यह आयोजन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी आकर्षण का केंद्र बना रहा।

डॉ एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरपर्सन स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान हमेशा छात्रों की नैसर्गिक प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को विकसित करते हैं।

संस्थान के अकादमिक निदेशक डॉ. विक्रांत शास्त्री ने कहा कि आगरा में किसी शैक्षणिक संस्थान द्वारा इस तरह का फ्लैश मॉब आयोजन बेहद कम देखने को मिलता है। उन्होंने छात्रों के समन्वय और अनुशासन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक आयोजनों को बढ़ावा देने का आश्वासन दिया।

निदेशक प्रशासन डॉ. ए.के. गोयल ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या राखी जैन एवं उनके स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

कार्यक्रम का सफल समन्वय हिमांशु आर्या ने किया। इस अवसर पर चंद्रशेखर डेंग, संदीप सक्सैना, डॉ. प्रवल प्रताप सिंह, डॉ. आमेंद्र सिंह, डॉ. खालिद हुसैन, काव्या सिंह, संजू कुमार, डॉ. अर्पणा पोरवाल, सिमरन मगन, नेहा खंडेलवाल सहित डॉ एमपीएस ग्रुप के समस्त स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। यह आयोजन युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता और सामूहिक ऊर्जा का शानदार उदाहरण बनकर उभरा।

video

Pages