बेटी के इलाज में जुटा था परिवार, पीछे से चोरों ने घर साफ किया; बेलनगंज में लाखों की चोरी से सनसनी
आगरा। थाना छत्ता क्षेत्र के बेलनगंज में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई, जब मकान मालिक का पूरा परिवार अपनी बीमार बेटी के इलाज के लिए अस्पताल में मौजूद था। सुबह घर लौटने पर बिखरा सामान और टूटी अलमारियां देखकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेलनगंज निवासी शशांक अग्रवाल की बेटी पिछले कुछ दिनों से बीमार है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। बेटी की देखभाल के लिए परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में रह रहे थे, जिससे मकान कई दिनों से बंद पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में घुसकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
परिजनों का आरोप है कि चोर घर से लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। घटना के बाद घर के अंदर का नजारा अस्त-व्यस्त मिला। अलमारियां खुली हुई थीं और सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हैं। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि घर के समीप निर्माणाधीन भवन में कार्यरत किसी मजदूर को मकान के बंद होने की जानकारी थी, जिसके आधार पर वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस मकान में चोरी हुई, वह मुख्य चौराहे से काफी नजदीक स्थित है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर लाखों रुपये की चोरी कर ली और किसी को भनक तक नहीं लगी।
भाजपा नेता दीपक खरे ने भी घटना पर चिंता जताते हुए थाना छत्ता पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह की बड़ी चोरी होना गंभीर विषय है और पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
फिलहाल थाना छत्ता पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।