आगरा:बंटवारे की रंजिश में बड़े भाई की हत्या की साजिश, छोटे भाई समेत चार आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 3 जून 2026

आगरा:बंटवारे की रंजिश में बड़े भाई की हत्या की साजिश, छोटे भाई समेत चार आरोपी गिरफ्तार

आगरा:बंटवारे की रंजिश में बड़े भाई की हत्या की साजिश, छोटे भाई समेत चार आरोपी गिरफ्तार

आगरा। संपत्ति के बंटवारे से नाराज एक युवक ने अपने ही बड़े भाई की हत्या कराने की साजिश रच डाली। थाना लोहामंडी पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए साजिश के मास्टरमाइंड छोटे भाई समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 18 मई की सुबह एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि वह शू प्लाजा, कोठी मीना बाजार के पास से गुजर रहा था, तभी अपाचे बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि अपाचे बाइक सवार तीन युवक पीड़ित का पीछा कर रहे थे और पूर्व नियोजित तरीके से हमला किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने पीड़ित के छोटे भाई रिंकू को राजनगर रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में रिंकू ने खुलासा किया कि घटना में उसके साथी लकी, विष्णु, सुनील और संदीप उर्फ भोला उर्फ मोटाबुद्धि भी शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने लकी और विष्णु को पाय चौकी धूलियागंज क्षेत्र से तथा सुनील को फिरोजाबाद के खेड़ा मोहल्ला से गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पूछताछ में रिंकू ने बताया कि करीब छह महीने पहले उसके और बड़े भाई के बीच संपत्ति का बंटवारा हुआ था। बंटवारे में अधिकांश संपत्ति बड़े भाई को मिलने से वह नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बड़े भाई की हत्या की साजिश रची। इसके लिए उसने आरोपियों को करीब दो से ढाई लाख रुपये देने का सौदा तय किया था।

पुलिस का कहना है कि समय रहते मामले का खुलासा कर बड़ी वारदात को अंजाम तक पहुंचने से रोक दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

video

Pages