आधी रात की बारिश ने मचाई तबाही, राजा की मंडी के दुकानदारों को लाखों का नुकसान
आगरा। आधी रात को हुई मूसलाधार बारिश ने शहर में भारी तबाही मचा दी। कई इलाकों में जलभराव, सड़क धंसने और मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आईं। सबसे अधिक असर शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र राजा की मंडी में देखने को मिला, जहां बारिश का पानी दुकानों में घुस जाने से व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान पानी में तैरता मिला। व्यापारियों के अनुसार उनकी दुकानें सड़क स्तर से करीब ढाई फीट ऊंची हैं, इसके बावजूद दुकानों के भीतर लगभग ढाई फीट तक पानी भर गया। इससे बड़ी मात्रा में माल खराब हो गया।
बारिश से हुए नुकसान को लेकर व्यापारियों में नगर निगम के प्रति भारी नाराजगी देखी गई। उनका आरोप है कि क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। नाले-नालियां गंदगी से अटे पड़े हैं, जिसके कारण बारिश का पानी निकल नहीं सका और दुकानों में भर गया।
दुकानदारों का कहना है कि नगर निगम का अतिक्रमण हटाने वाला दस्ता अक्सर बाजार में तैनात रहता है, जिससे व्यापार पहले ही प्रभावित हो रहा था। अब बारिश से हुए लाखों रुपये के नुकसान ने उनकी परेशानियां और बढ़ा दी हैं।
बारिश के बाद दुकानदार खराब हुए माल को बचाने की कोशिश में जुटे रहे। कई व्यापारियों ने गीले कपड़ों और सामान को सड़कों पर सुखाने के लिए फैला दिया, जबकि कुछ ने माल को अन्य स्थानों पर भेजकर उसे दोबारा उपयोग योग्य बनाने का प्रयास किया। व्यापारियों ने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और नुकसान का आकलन कर राहत प्रदान करने की मांग की है।