आगरा कॉलेज के सामने स्थित मजार का शुरू हुआ स्थानांतरण, मेट्रो निर्माण और यातायात सुरक्षा बनी वजह
आगरा। शहर के व्यस्ततम मार्ग एमजी रोड पर आगरा कॉलेज के सामने स्थित मजार को मंगलवार सुबह प्रशासन की निगरानी में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। आगरा मेट्रो परियोजना के निर्माण कार्य के चलते सड़क संकरी होने और संभावित सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और एहतियातन दोनों ओर से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया।
जानकारी के अनुसार, आगरा कैंट से कालिंदी विहार कॉरिडोर के अंतर्गत मेट्रो निर्माण कार्य जारी है। आगरा कॉलेज की वूमेन विंग के सामने स्थित मजार के आसपास फुटपाथ हटाकर सड़क चौड़ी की गई थी। इसके बाद मजार मुख्य मार्ग के काफी निकट आ गई थी, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई थी।
मजार को स्थानांतरित करने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। इस संबंध में योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष एवं हिंदूवादी नेता कुंवर अजय तोमर ने अपने अधिवक्ता शिव आधार सिंह तोमर के माध्यम से न्यायालय में वाद दायर किया था। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), नगर निगम और जिला प्रशासन को समन जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मंगलवार सुबह प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम की टीम और पुलिस बल की मौजूदगी में स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान एमजी रोड पर आगरा कॉलेज की ओर जाने वाले मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जबकि वाहनों को वैकल्पिक दिशा से निकाला गया। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
गौरतलब है कि नगर निगम सदन में भी भाजपा पार्षदों द्वारा मजार को स्थानांतरित करने का मुद्दा उठाया गया था। जिला प्रशासन ने इस संबंध में संबंधित पक्षों से वार्ता कर सहमति बनाने का प्रयास किया था। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई यातायात सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
मजार के स्थानांतरण का कार्य शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। शहरवासियों से भी यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।