आगरा में बहन की हत्या के दोषी निक्कू चौधरी को फांसी की सजा, संपत्ति विवाद में बरसाई थीं गोलियां
आगरा। शाहगंज क्षेत्र में चार वर्ष पहले हुए चर्चित पूनम चौधरी हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए दोषी ललित उर्फ निक्कू चौधरी को फांसी की सजा सुनाई है। निक्कू चौधरी ने अपनी ही बहन पूनम चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि उसे बचाने आई भाभी नीलू चौधरी पर भी फायरिंग की थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
जानकारी के अनुसार नवंबर 2022 में भोगीपुरा, शाहगंज निवासी ललित उर्फ निक्कू चौधरी, जो चर्चित शूटर ओपी लाला का भतीजा बताया जाता है, ने अपने घर में इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था। सुबह के समय हुए इस हमले में 27 वर्षीय पूनम चौधरी को निक्कू ने ताबड़तोड़ गोलियां मार दी थीं। गोली लगने से पूनम की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के दौरान जब विधवा भाभी नीलू चौधरी ने पूनम को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उन पर भी गोली चला दी। हमले में नीलू चौधरी घायल हो गई थीं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया था कि हत्या के पीछे संपत्ति को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद प्रमुख कारण था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपनी बहन को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निक्कू चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था और उसके खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत में मजबूत साक्ष्य और गवाह प्रस्तुत किए। साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए उसे फांसी की सजा सुनाई। न्यायालय के इस फैसले को जिले के चर्चित हत्याकांडों में एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
फैसले के बाद पीड़ित परिवार ने न्याय मिलने पर संतोष जताया, जबकि पुलिस और अभियोजन पक्ष ने इसे सशक्त विवेचना और प्रभावी पैरवी का परिणाम बताया। यह मामला उस समय पूरे शहर में चर्चा का विषय बना था, क्योंकि एक भाई द्वारा संपत्ति विवाद में अपनी ही बहन की हत्या किए जाने की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया था।