आगरा में अब घर बैठे बनेगा और अपडेट होगा आधार कार्ड, बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिलेगी बड़ी राहत
आगरा। अब आगरा में बुजुर्ग, दिव्यांग और चलने-फिरने में असमर्थ लोगों को आधार कार्ड बनवाने या उसमें अपडेट कराने के लिए आधार केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने ऐसे लोगों के लिए डोरस्टेप आधार सेवा शुरू की है, जिसके तहत अधिकृत टीम स्वयं उनके घर पहुंचकर आधार नामांकन और अपडेट की पूरी प्रक्रिया पूरी करेगी।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पात्र लोगों को 1947 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर अपना अनुरोध दर्ज कराना होगा। अनुरोध दर्ज होने के बाद निर्धारित तिथि और समय पर अधिकृत कर्मचारी संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचेंगे और बायोमेट्रिक सत्यापन सहित आधार से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करेंगे।
यह सुविधा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और ऐसे लोगों के लिए शुरू की गई है जो स्वास्थ्य संबंधी कारणों या शारीरिक असमर्थता के चलते आधार सेवा केंद्र तक नहीं पहुंच सकते।
UIDAI के अनुसार, घर पर आधार नामांकन या अपडेट कराने के लिए 700 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं, यदि उसी पते पर किसी अन्य व्यक्ति का भी आधार नामांकन या अपडेट कराया जाता है, तो उसके लिए 350 रुपये प्रति व्यक्ति का शुल्क लिया जाएगा।
इस नई पहल से उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जिन्हें अब तक आधार से जुड़े कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी या दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब एक फोन कॉल पर अधिकृत टीम उनके घर पहुंचकर सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराएगी।