नाले में उतरकर भाजपा पार्षद ने काटा जन्मदिन का केक, नगर निगम की कार्यशैली पर उठाए सवाल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 26 जून 2026

नाले में उतरकर भाजपा पार्षद ने काटा जन्मदिन का केक, नगर निगम की कार्यशैली पर उठाए सवाल

नाले में उतरकर भाजपा पार्षद ने काटा जन्मदिन का केक, नगर निगम की कार्यशैली पर उठाए सवाल

आगरा। नगर निगम की कार्यशैली के विरोध का एक अनोखा तरीका शुक्रवार को आगरा में देखने को मिला। लंगड़े की चौकी क्षेत्र के भाजपा पार्षद किशन नायक ने अपना जन्मदिन नाले के भीतर खड़े होकर केक काटकर मनाया। इस प्रतीकात्मक विरोध के माध्यम से उन्होंने वर्षों से बदहाल पड़े नाले, सफाई व्यवस्था और नगर निगम प्रशासन की कथित लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

पार्षद किशन नायक ने बताया कि सुल्तानगंज की पुलिया से लंगड़े की चौकी होते हुए जीवनी मंडी रोड तक जाने वाला यह नाला यमुना नदी में जाकर मिलता है। पहले यह एक केनाल हुआ करती थी, लेकिन समय के साथ यह पूरी तरह गंदे नाले में तब्दील हो गई। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से पार्षद रहने के दौरान उन्होंने कई बार इस नाले की सफाई और निर्माण की मांग उठाई है। इससे पहले भाजपा कार्यकर्ता रहते हुए भी उन्होंने इस मुद्दे को लगातार प्रशासन के सामने रखा था।

उन्होंने बताया कि कई वर्ष पहले तत्कालीन विधायक स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग के समक्ष भी इस नाले के निर्माण की मांग रखी गई थी, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

तीन लोगों की मौत का दावा

भाजपा पार्षद ने आरोप लगाया कि नाले की बदहाल स्थिति के कारण क्षेत्र में दो बच्चों और एक किसान की जान जा चुकी है। उनका दावा है कि एक बच्चा तो आज तक लापता है, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन ने इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया।

अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

किशन नायक ने नगर निगम अधिकारियों पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि नाले की नियमित सफाई कराने के लिए भी उन्हें अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जबकि नगर स्वास्थ्य अधिकारी संजीव वर्मा फोन तक नहीं उठाते और संबंधित अधिकारी भी जिम्मेदारी से बचते नजर आते हैं।

2011 के बाद नहीं हुई तलीझाड़ सफाई

पार्षद के अनुसार, नाला पूरी तरह गाद और कचरे से अटा पड़ा है। वर्ष 2011 में आखिरी बार नाले की तलीझाड़ सफाई कराई गई थी, जिसके बाद अब तक समुचित सफाई नहीं हुई। इससे नाले की स्थिति लगातार खराब होती चली गई है और बरसात के मौसम में हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।

17 करोड़ की परियोजना अब भी अधर में

किशन नायक ने बताया कि नाले के निर्माण के लिए करीब 17 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार कर शासन को भेजी जा चुकी है। लगभग एक वर्ष पहले तत्कालीन नगर आयुक्त ने क्षेत्र का निरीक्षण कर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्य शुरू नहीं हो सका।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते नाले की सफाई और निर्माण कार्य नहीं कराया गया तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

video

Pages