आगरा निबोहरा पुलिस की कार्रवाई: अवैध तमंचा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
आगरा। थाना निबोहरा पुलिस ने अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना निबोहरा पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार लेकर गढ़रपुरा के जंगल क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से वरूण पुत्र मानिकचंद्र, निवासी ग्राम बिदरई, थाना एकता को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि आरोपी को चेकिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अवैध हथियार कहां से लेकर आया था और उसका किसी आपराधिक गतिविधि से संबंध तो नहीं है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक गौरव कुमार, उपनिरीक्षक बादल चौहान, उपनिरीक्षक विजय कपाड़िया तथा कांस्टेबल हर्षवर्धन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।