आगरा में पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाला पति गिरफ्तार, कागारौल पुलिस ने भेजा जेल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 19 जून 2026

आगरा में पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाला पति गिरफ्तार, कागारौल पुलिस ने भेजा जेल

आगरा में पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाला पति गिरफ्तार, कागारौल पुलिस ने भेजा जेल

आगरा। थाना कागारौल क्षेत्र में घरेलू विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब एक महिला पर उसके पति और जेठ ने कथित रूप से कुल्हाड़ी तथा लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार जेठ की तलाश जारी है।

पीड़िता नीतू पत्नी योगेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पति योगेंद्र सिंह लंबे समय से उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। वह उसे घर से निकालने की धमकियां भी देता था। आरोप है कि बुधवार सुबह करीब 6:20 बजे जब वह घर पर अकेली थी, तभी उसका पति योगेंद्र सिंह और जेठ लाठी-डंडे एवं कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया।

महिला ने साहस दिखाते हुए किसी तरह खुद को बचाया और एक कमरे में बंद कर लिया। इसके बाद उसने तत्काल डायल-112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।

पीड़िता का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले उसका जेठ मौके से फरार हो गया, जबकि आरोपी पति ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। महिला ने दोनों आरोपियों से अपनी जान-माल को खतरा बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।

थाना प्रभारी अंकुर राठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने आरोपी पति योगेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार जेठ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।

video

Pages