‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ की थीम पर डायट आगरा में गूंजा योग का संदेश, तीन दिवसीय कार्यशाला का हुआ समापन - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 21 जून 2026

‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ की थीम पर डायट आगरा में गूंजा योग का संदेश, तीन दिवसीय कार्यशाला का हुआ समापन

‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ की थीम पर डायट आगरा में गूंजा योग का संदेश, तीन दिवसीय कार्यशाला का हुआ समापन

आगरा:- 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), आगरा में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में उपशिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य, प्रशिक्षुओं, प्रवक्ताओं तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के लिए संस्थान में 19 जून से 21 जून 2026 तक तीन दिवसीय योग कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट की सहायक आचार्या डॉ. कल्पना गुप्ता ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आत्मिक उन्नयन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के संयोजक हिमांशु सिंह, प्रवक्ता (शारीरिक शिक्षा) एवं यशवीर सिंह, सेवा-पूर्व प्रभारी रहे। उनके कुशल मार्गदर्शन और समन्वय में तीन दिवसीय कार्यशाला तथा योग दिवस कार्यक्रम का सफल संचालन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर उपशिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा की एक अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र को स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त बनाने की क्षमता रखती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संस्थान के सभी प्रवक्ता, कर्मचारी और प्रशिक्षु उपस्थित रहे। सामूहिक योगाभ्यास के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, संतुलन और आत्मिक उन्नति के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

video

Pages