योगमय हुआ आगरा: एकलव्य स्टेडियम में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योग, ‘करें योग-रहें निरोग’ का दिया संदेश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 21 जून 2026

योगमय हुआ आगरा: एकलव्य स्टेडियम में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योग, ‘करें योग-रहें निरोग’ का दिया संदेश

योगमय हुआ आगरा: एकलव्य स्टेडियम में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योग, ‘करें योग-रहें निरोग’ का दिया संदेश

आगरा। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को आगरा योगमय नजर आया। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किया गया, जहां हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ और निरोग जीवन का संदेश दिया। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रदीप भाटी, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जनपद के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास डॉ. हरिओम, जिलाधिकारी मनीष बंसल और मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की मौजूदगी में सामूहिक योगाभ्यास किया गया। योग दिवस की इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” रही, जिसके अनुरूप लोगों को स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया गया।

योग को विश्व मंच तक पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को: एसपी सिंह बघेल

मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। आज विश्व के लगभग सभी देशों में योग को अपनाया जा रहा है और करोड़ों लोग इसके माध्यम से स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हैं।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी माध्यम है। बीमारियों के इलाज पर लाखों रुपये खर्च करने के बजाय यदि लोग नियमित योग करें तो अनेक रोगों से बचा जा सकता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है योग: बेबी रानी मौर्य

महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि योग ने भारत की प्राचीन संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई है। योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है तथा स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए।

पालीवाल पार्क में भी हुआ भव्य योग आयोजन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पालीवाल पार्क में नगर निगम और डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में भी विशाल योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एडीए वीसी एम. अरुणमोली, नगरायुक्त संतोष वैश्य सहित बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया।

ऐतिहासिक स्थलों और पंचायतों तक पहुंचा योग का संदेश

जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, तहसीलों, ब्लॉकों, पुलिस लाइन, लालकिला, ताजमहल सहित विभिन्न ऐतिहासिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रशिक्षित योगाचार्यों ने लोगों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया।

एकलव्य स्टेडियम में योग प्रशिक्षक केपी सिंह ने कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया, जबकि कार्यक्रम का संचालन रीनेश मित्तल ने किया। इस अवसर पर योग जागरूकता अभियान में योगदान देने वाली संस्थाओं—क्रीड़ा भारती, पतंजलि योगपीठ, अखिल विश्व गायत्री परिवार, भारतीय योग संस्थान, ब्रह्माकुमारी संस्थान, हार्टफुलनेस और आर्ट ऑफ लिविंग—को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, एडीएम नमामि गंगे जुबेर बेग, सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी सरफराज आलम, पूर्व सांसद प्रभुदयाल कठेरिया, अलौकिक उपाध्याय, नवीन गौतम सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और योग साधक उपस्थित रहे।

video

Pages