मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आगरा के प्रमुख मंदिरों में किया दर्शन-पूजन, मतदाता सूची की शुद्धता पर दिया जोर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 3 जून 2026

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आगरा के प्रमुख मंदिरों में किया दर्शन-पूजन, मतदाता सूची की शुद्धता पर दिया जोर

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आगरा के प्रमुख मंदिरों में किया दर्शन-पूजन, मतदाता सूची की शुद्धता पर दिया जोर

आगरा:- भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार प्रातः आगरा प्रवास के दौरान परिवार सहित शहर के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुबह लगभग 6 बजे प्राचीन कैलाश मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर महंत निर्मल गिरी के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपने पूर्वजों की छतरी पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।

इसके बाद वे श्री राधाकृष्ण मंदिर पहुंचे, जहां स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने पुष्पगुच्छ और पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।

प्रातः 10 बजे मुख्य निर्वाचन आयुक्त मनकामेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां महंत योगेश पुरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका दर्शन-पूजन कराया। इसके पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की।

इस अवसर पर ज्ञानेश कुमार ने कहा कि हाल ही में पांच राज्यों में निष्पक्ष एवं सफल चुनाव संपन्न हुए हैं और आगामी चुनाव भी पूरी तरह पारदर्शी ढंग से कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि "शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है।"

उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा चुनावों में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

video

Pages