आगरा-जयपुर हाईवे पर जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, दो जुआरी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 10 जून 2026

आगरा-जयपुर हाईवे पर जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, दो जुआरी गिरफ्तार

आगरा-जयपुर हाईवे पर जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, दो जुआरी गिरफ्तार

आगरा। थाना किरावली पुलिस ने अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी, ताश के पत्ते और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, थाना किरावली पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आगरा-जयपुर हाईवे स्थित खारी नदी के रेलवे पुल के पास कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।

पुलिस की कार्रवाई देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिसकर्मियों की सतर्कता के चलते दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य लोग अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जितेंद्र पुत्र राम सिंह निवासी सिरौली, थाना फतेहपुर सीकरी, आगरा तथा निजामुद्दीन पुत्र शहदाज निवासी खानवा, जिला भरतपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से 22,450 रुपये नकद, ताश के पत्ते और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर थाना किरावली में जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कमिश्नरेट स्तर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्य जागेश्वर सिंह, विशान्त राठी, मोहित चौहान, अजीत सिंह और दीपक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।

video

Pages