आगरा पार्किंग विवाद में मारपीट और कुल्हाड़ी से हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
आगरा। थाना एकता पुलिस एवं सर्विलांस सेल नगर जोन की संयुक्त टीम ने पार्किंग विवाद को लेकर हुई मारपीट और जानलेवा हमले की घटना में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी ने थाना एकता में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने बुलंद सिटी सोसाइटी में रविंद्र राजपूत पुत्र विजेंद्र सिंह को एक फ्लैट दिलवाया था। इसी दौरान पार्किंग को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि रविंद्र राजपूत, महावीर और जवाहर ने वादी को फोन पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। इसके बाद उक्त लोग अपने 7-8 साथियों के साथ पहुंचे और वादी तथा उसके भाई के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना एकता में मु0अ0सं0 218/2026 के तहत धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) एवं 118(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त नगर जोन, आगरा के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
इसी क्रम में 9 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना एकता पुलिस एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने दुष्यन्त राजपूत और हरिभान उर्फ करुआ को रमाडा चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 1,040 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में संलिप्त एक अन्य अभियुक्त अपराजित अग्रवाल को पहले ही 8 जून 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है।
पुलिस द्वारा मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था भंग करने और हिंसक घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।