आगरा:किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर भाकियू लोकशक्ति की हुंकार, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
आगरा। किसानों की विभिन्न लंबित समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने सोमवार को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी आगरा को सौंपा। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह के नेतृत्व एवं जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह के संयोजन में बड़ी संख्या में किसान और पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे तथा किसानों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में सोनभद्र जिले के भेंसावर गांव में चकबंदी संबंधी समस्याओं को लेकर पिछले 13 माह से जारी किसान आंदोलन तथा गौतमबुद्ध नगर के रौनीजा गांव में यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेस-वे से प्रभावित किसानों के 12 माह से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने का उल्लेख करते हुए कहा गया कि लंबे समय से आंदोलनरत किसानों की समस्याओं का अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो सका है। इससे किसानों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति ने ज़ेवर टोल प्लाजा के मैनेजर आनंद द्वारा किसान संगठनों के प्रति की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी की निंदा करते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। इसके साथ ही यमुना एक्सप्रेस-वे के समानांतर आगरा तक सर्विस रोड निर्माण, हाईवे एवं एक्सप्रेस-वे से प्रभावित क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों को निशुल्क आवागमन की सुविधा, वर्ष 2008 के समझौते के अनुसार किसानों को आवासीय प्लॉट एवं अतिरिक्त मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
ज्ञापन में बिजली बिलों पर लगाए जा रहे 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क को समाप्त करने तथा उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर रोक लगाने की मांग भी शामिल रही। किसान नेताओं ने कहा कि सरकार को किसानों और आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रुख अपनाते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव शिवकुमार गुर्जर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव सुरेशचंद वर्मा, जिला अध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ चंद्रभान भदौरिया, हारून खान, जगमोहन, लियाकत उस्मानी, शिव गणेश राणा, सत्य प्रकाश गुप्ता, अमर सिंह, राजवीर सिंह, किशन सिंह, दयाशंकर, दीपेश अवस्थी, यश पाठक, रमेश चंद्र भदौरिया, उमेश यादव, डॉ. राजवीर सिंह, लाखन सिंह, जितेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह ने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन किसानों के हित में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।