थाना सिकंदरा पुलिस का अवैध जुए पर प्रहार, 7 जुआरी गिरफ्तार: एक मौके से फरार
आगरा पुलिस का स्पष्ट संदेश:- क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टे को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनपद आगरा कप्तान सिंह चौधरी:- पुलिस कमिश्नरेट आगरा के अंतर्गत थाना सिकंदरा पुलिस को जुआरियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापामार कार्रवाई करते हुए जंगल में जुआ खेल रहे 7 अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सिकंदरा पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के मुरिंडा गांव के पीछे स्थित जंगल में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से 7 लोगों को धर दबोचा, लेकिन मुरिंडा निवासी ब्रजमोहन पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने मौके से जुआरियों के पास से नकद धनराशि 5,610 रुपए, 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
थाना सिकंदरा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दामोदर पुत्र रमेश ठाकुर निवासी रायभा अछनेरा, लवकुश पुत्र नरेश निवासी रहपुरा अहीर अछनेरा, कुशलपाल पुत्र सुरेशचंद्र निवासी रायभा, अछनेरा, भीमसेन उर्फ पुत्र दामोदर सिंह निवासी रायभा अछनेरा,शिव कुमार पुत्र निरंजन निवासी मंगुरा अछनेरा,सोनू पुत्र राजवीर निवासी मंगुरा अछनेरा, मानिक पुत्र हरि सिंह निवासी मंगुरा अछनेरा आगरा के रूप में हुई है।