आगरा जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वाणिज्य बंधु की मीटिंग संपन्न
जिलाधिकारी ने नगर निगम को शहर के घने बसे विभिन्न बाजारों में सुगम यातायात,आवागमन हेतु खाली स्थानों पर मल्टी स्टोरी पार्किंग स्थापना तथा पार्किंग स्थल चयन करने के दिए निर्देश
आगरा:- जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वाणिज्य बंधु की मीटिंग संपन्न हुई।बैठक में प्रथम प्रकरण में नगला मांकरोल, ग्वालियर रोड पर दोनों तरफ सर्विस रोड पर स्थाई जल भराव की समस्या जिससे वाहनों से दुर्घटना की संभावना की समस्या को रखा गया, जिसमें जिलाधिकारी महोदय ने एडीए सचिव को निर्देशित किया कि उक्त एरिया नगर निगम सीमा में नहीं आता तथा ग्वालियर रोड पर एडीए द्वारा एप्रूव्ड कॉलोनियों का विकास किया गया है लेकिन उनकी जलनिकासी का समुचित प्रबंध नहीं है, रोड पर उन सभी कॉलोनियों से भी जल भराव की समस्या है, संबंधित को उक्त जल निकासी हेतु नाले आदि की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में द्वितीय प्रकरण में संजय प्लेस, आगरा में पार्किंग में दिनांक 03.07.2025 को गाड़ी खड़ी करने को लेकर पार्किंग संचालक और अधिवक्ता (सीए) में विवाद, मारपीट के कारण नगर निगम आगरा द्वारा संजय प्लेस स्थित 36 पार्किंग स्थानों को पार्किंग वसूली हेतु अस्थाई तौर पर स्थगित कर दी गई थी, जिसमें बताया गया कि उत्पन्न समस्या समाधान हेतु संजय प्लेस में जूता व कपड़ा मार्केट आदि के पार्किंग स्थलों के संचालन/स्वामित्व के संबंध में जांच हेतु मंडलायुक्त महोदय द्वारा एडीए सचिव,एडीएम सिटी, अपर नगरायुक्त की संयुक्त कमेटी बनाई गई है कमेटी की आख्या आने उपरांत अग्रिम कार्यवाही की जाएगी, जिलाधिकारी महोदय ने कमेटी द्वारा मौके पर स्थलीय निरीक्षण करने तथा कौन सी पार्किंग नगर निगम को दी जाए, जूता, कपड़ा मार्केट के व्यापारियों के उपयोग, सुविधा हेतु किस पार्किंग को आरक्षित रखा जाए की रिपोर्ट आगामी बैठक में रखने के निर्देश दिए।
बैठक में साईं की तकिया से ईदगाह बस स्टैंड तक रोड पर अतिक्रमण, फुटपाथ पर कब्जा, जिसकी वजह से जाम लगने व्यापार प्रभावित हो रहा के प्रकरण को रखा गया,जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देश दिए कि वह सख्त कार्यवाही कर अतिक्रमण हटाए तथा खाली कराए गए स्थान की फोटोग्राफी करके संबंधित थाना इंचार्ज के पास लिखित रूप में कार्यवाही आख्या प्राप्ति कराए, अगर पुनः कब्जा होता है तो संबंधित थानाध्यक्ष की जवाबदेही तय होगी।
बैठक में बताया गया कि संजय प्लेस व्यवसायिक केंद्र की दुकानें आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा कपड़ा व्यवसाय व जूता व्यवसाय हेतु आवंटित की गई थी, लेकिन जूता, कपड़ा मार्केट की दुकानों में अन्य व्यावसाय कोचिंग, स्पा सेंटर आदि संचालित है,उक्त के क्रम में बताया गया कि एडीए द्वारा गठित टीम ने प्रकरण प्रस्तुतकर्ता की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण कर लिया गया है, जिलाधिकारी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित को एडीए द्वारा नोटिस देने के निर्देश दिए।
बैठक में हींग की मण्ड़ी क्षेत्र में सार्वजनिक शैचालयों का निर्माण हेतु त्वरित कार्यवाही के सम्बन्ध में प्रकरण को रखा गया, जिसमें जिलाधिकारी द्वारा नगर निगम को सार्वजनिक शौचालय निर्माण के निर्देश दिए, नगर निगम द्वारा जल्द सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराए जाने पर सहमति जताई।
बैठक में शहर के पुराने घने बसे बाजारों में पार्किंग सुविधा के प्रकरण को उठाया गया, जिसमें बताया गया कि 10 स्थानों पर नगर निगम की जमीन चिह्नित की गई लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई, जिलाधिकारी ने इस हेतु संबंधित से जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि 02 स्थानों पर रेलवे व कैंट का भूमि स्वामित्व है एक स्थान पर शिक्षा विभाग की भूमि है, जिलाधिकारी ने उक्त प्रकरण को शीघ्र समाधान हेतु सभी 10 स्थानों पर पार्किंग सुविधा के विकास हेतु नगर निगम द्वारा उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर उक्त स्थलों का पुनः मौका मुआयना करने अगर नगर निगम की भूमि नहीं है तो संबंधित विभागों से वार्ता कर एनओसी प्राप्त कर खाली स्थानों पर मल्टी स्टोरी पार्किंग स्थापना तथा अन्य पार्किंग स्थल चयन करने के निर्देश दिए,उन्होंने कहा कि पुराने घने बसे बाजारों में पार्किंग सुविधा से वहां ट्रैफिक व्यवस्था में सुगमता होगी तथा व्यापारियों बंधुओं की भी समस्या का समाधान होगा।
बैठक में पुरानी मण्ड़ी से विक्टोरिया मार्ग तक के मार्ग से सैकड़ों व्यापारियों के माल का आयात निर्यात तथा आवागमन होता है परन्तु वहा की सड़क पर गड्डे हो गये है जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। तथा इसी मार्ग पर डिवाईडर लगाकर दोनो तरफ बने फुटपाथों को छोटा कर सड़क चौड़ीकरण का प्रकरण रखा गया, जिलाधिकारी ने अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड व चीफ इंजीनियर नगर निगम द्वारा मौके पर ज्वाइंट निरीक्षण कर सड़क चौड़ीकरण की संभावना तथा मरम्मत आदि की रिपोर्ट देने तथा संबंधित समस्या के समाधान हेतु निर्देशित किया गया। उक्त रोड पर स्ट्रीट लाइट की कमी से अंधेरा रहने से हो रही असुविधा की बात रखी गई जिसमें जिलाधिकारी महोदय द्वारा नगर निगम के चीफ इंजीनियर विद्युत को स्ट्रीट लाइट स्थापना के निर्देश दिए।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला, डिप्टी कमिश्नर जीएसटी मृत्युंजय नारायण सिंह,अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के विजय सामा, जय पुरुषनानी, राजेश राठौर, ब्रजेश पंडित,मुकेश अग्रवाल , संजय अरोरा सहित बड़ी संख्या में वाणिज्य बंधु के सदस्यगण मौजूद रहे।