पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांचवां आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 29 जून 2026

पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांचवां आरोपी गिरफ्तार

पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांचवां आरोपी गिरफ्तार

आगरा। थाना जैतपुर पुलिस एवं सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने पूर्व प्रधान के बेटे अवनीश की हत्या के चर्चित मामले में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे आरोपी योगेंद्र उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गौरतलब है कि 2 जून को थाना जैतपुर क्षेत्र के गांव शाहपुर गुर्जर निवासी पूर्व प्रधान के बेटे अवनीश की रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय अवनीश अपने गांव से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में हमलावरों ने उनकी गाड़ी में टक्कर मारकर उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली अवनीश के सीने में लगी। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

इस सनसनीखेज हत्याकांड में कुल 12 लोगों को नामजद किया गया था। पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इसी क्रम में थाना जैतपुर पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त कार्रवाई में योगेंद्र उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया गया। यह इस मामले में पांचवीं गिरफ्तारी है।

थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

video

Pages