सड़क पर बस खड़ी कर जाम लगाया तो होगी कार्रवाई, डीएम ने ट्रैफिक पुलिस को दिए सीज करने के निर्देश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 30 जून 2026

सड़क पर बस खड़ी कर जाम लगाया तो होगी कार्रवाई, डीएम ने ट्रैफिक पुलिस को दिए सीज करने के निर्देश

सड़क पर बस खड़ी कर जाम लगाया तो होगी कार्रवाई, डीएम ने ट्रैफिक पुलिस को दिए सीज करने के निर्देश

आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शहर में सड़क पर बसें खड़ी कर जाम लगाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए परिवहन निगम और ट्रैफिक पुलिस को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर बसें खड़ी होने से यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। यदि कोई चालक या परिचालक नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए और आवश्यकता पड़ने पर बसों को सीज किया जाए।

सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में फाउंड्री नगर स्थित सैटेलाइट बस स्टेशन से बसों के संचालन का मुद्दा उठाया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने बताया कि वर्तमान में सैटेलाइट बस स्टेशन से हाथरस, अलीगढ़, मेरठ, हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून मार्गों पर करीब 250 बसों का नियमित संचालन किया जा रहा है।

इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निगम की कोई भी बस मुख्य मार्गों पर खड़ी होकर जाम का कारण नहीं बननी चाहिए। सभी बसों का संचालन और पार्किंग केवल निर्धारित स्थानों पर ही हो। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को निर्देशित किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया जाए।

बैठक में गढ़ी महासिंह सब-स्टेशन, एत्मादपुर से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों की विद्युत आपूर्ति में पेड़ों की शाखाओं से हो रही लाइन ट्रिपिंग की समस्या पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि समाधान के लिए 15,470 मीटर इंसुलेटेड बीजल कंडक्टर लगाने का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा गया है।

इसके अलावा भगवती बाग फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जल निगम के साथ समन्वय बनाकर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जरी-जरदोजी को 'एक जनपद, एक उत्पाद (ओडीओपी)' में शामिल किए जाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के भी निर्देश दिए।

बैठक में उद्योग बंधुओं द्वारा उठाई गई विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, अतिक्रमण, सड़क मरम्मत और नालों की सफाई से जुड़ी समस्याओं पर संबंधित विभागों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह सहित जिला उद्योग बंधु समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

video

Pages