आगरा पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई थानों के प्रभारी बदले
आगरा। आगरा पुलिस कमिश्नरेट में सोमवार शाम प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई थाना प्रभारियों के तबादले किए गए। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार तीन थाना प्रभारियों सहित अन्य अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
जारी सूची के अनुसार, थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप त्रिपाठी को थाना सैंया का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं, थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी को थाना सिकंदरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। थाना मलपुरा के प्रभारी निरीक्षक राजेश प्रसाद का स्थानांतरण कर उन्हें थाना शाहगंज का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, पुलिस उपायुक्त नगर जोन कार्यालय में वाचक के पद पर तैनात निरीक्षक राजीव कुमार को थाना मलपुरा का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
उधर, कार्यकारी थानाध्यक्ष सैंया के रूप में कार्यरत उपनिरीक्षक गुरविंद्र सिंह को थाना खेड़ा राठौर का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जबकि थाना खेड़ा राठौर के थानाध्यक्ष रहे उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह के गैर जनपद स्थानांतरण के चलते उन्हें पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है।
पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकता और कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।