रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संभावित आगमन को लेकर शमसाबाद में तैयारियां तेज, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
आगरा। कस्बा शमसाबाद में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण एवं प्रस्तावित जनसभा कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में भारत सरकार के रक्षा मंत्री Rajnath Singh के संभावित आगमन को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने प्रतिमा अनावरण स्थल और जनसभा स्थल का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, मंच व्यवस्था, बैठने की क्षमता, ध्वनि प्रणाली, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बैरिकेडिंग, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
गर्मी को देखते हुए विशेष व्यवस्थाओं के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीषण गर्मी को देखते हुए जनसभा में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही शौचालयों की स्वच्छता, पंडाल की मजबूती और सुचारु ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष फोकस रखने को कहा।
उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा मंचीय व्यवस्था, डाइस प्लान, हेलीपैड, वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
30 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना
कार्यक्रम के आयोजक एवं पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह ने बताया कि जनसभा में लगभग 30 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए जनसभा स्थल पर कुर्सियां, छायादार व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और जनपद प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ प्रतिभा सिंह, डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल, एसडीएम फतेहाबाद स्वाति शर्मा, पीडी डीआरडीए रेनू कुमारी, डीपीआरओ मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का लक्ष्य कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सफल तरीके से संपन्न कराना है, जिसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।