सिंगापुर में गूंजा आगरा का विकास मॉडल, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने साझा किए नगर निगम के नवाचार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 14 जून 2026

सिंगापुर में गूंजा आगरा का विकास मॉडल, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने साझा किए नगर निगम के नवाचार

सिंगापुर में गूंजा आगरा का विकास मॉडल, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने साझा किए नगर निगम के नवाचार

आगरा। आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने शनिवार को सिंगापुर में आयोजित प्रतिष्ठित ली कुआन यू वर्ल्ड सिटी प्राइज कार्यक्रम में भाग लेकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगरा के विकास मॉडल को प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में दुनिया के कई देशों के महापौर, नगर प्रशासक और शहरी विकास विशेषज्ञ शामिल हुए, जहां भविष्य के शहरों, सतत विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।

कार्यक्रम में सिंगापुर सरकार के शहरी विकास मंत्री के साथ-साथ हेलसिंकी (फिनलैंड), पेरिस (फ्रांस), दक्षिण अफ्रीका और युगांडा सहित विभिन्न देशों के प्रमुख शहरों के महापौर एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने शहरों में शहरी विकास, नगर प्रबंधन, नवाचार और नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और अनुभवों को साझा किया।

महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने आगरा नगर निगम द्वारा स्वच्छता, डिजिटल प्रशासन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, विरासत संरक्षण तथा सतत शहरी विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि नगर निगम तकनीक आधारित सेवाओं, बेहतर सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

महापौर ने कहा कि विश्व के विभिन्न शहरों के साथ अनुभवों का आदान-प्रदान नगर प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि आगरा को वैश्विक विकास के सतत लक्ष्यों के अनुरूप विकसित करने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि आगरा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए आधुनिक शहरी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आगरा और यहां के नागरिक अपनी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजते हुए भविष्य के आधुनिक और वैश्विक शहरों की श्रेणी में शामिल होने के लिए तैयार हैं।

कार्यक्रम के दौरान जलवायु परिवर्तन, शहरी स्वच्छता, सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता, स्मार्ट सिटी अवधारणा और भविष्य के शहरों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने शहरों में अपनाए गए नवाचारों और सफल मॉडलों की जानकारी साझा की।

महापौर की यह अंतरराष्ट्रीय सहभागिता आगरा को वैश्विक शहरी मंचों पर सशक्त प्रतिनिधित्व प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे आगरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए सहयोग, तकनीकी ज्ञान और शहरी विकास के आधुनिक अनुभवों का लाभ मिलने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि इस प्रकार के वैश्विक मंचों पर भागीदारी से आगरा को विश्वस्तरीय शहरी विकास मॉडल अपनाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। साथ ही आगरा की पहचान एक आधुनिक, स्वच्छ, सतत और नागरिक हितैषी शहर के रूप में और अधिक मजबूत होगी।

video

Pages