बरसात से पहले हर हाल में पूरा करें सीवर परियोजनाओं का काम: डीएम मनीष बंसल के सख्त निर्देश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 17 जून 2026

बरसात से पहले हर हाल में पूरा करें सीवर परियोजनाओं का काम: डीएम मनीष बंसल के सख्त निर्देश

बरसात से पहले हर हाल में पूरा करें सीवर परियोजनाओं का काम: डीएम मनीष बंसल के सख्त निर्देश

आगरा। आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शहर में चल रही सीवर परियोजनाओं की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बारिश शुरू होने से पहले सभी महत्वपूर्ण कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं और सीवेज लाइनों की लीकेज टेस्टिंग में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

मंगलवार को जिलाधिकारी ने नगला बूढ़ी स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) एवं सीवेज पंपिंग स्टेशन, जगनपुर-दयालबाग एसटीपी और फतेहाबाद रोड पर चल रहे सीवेज लाइन निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और संचालन व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

सबसे पहले डीएम नगला बूढ़ी स्थित एसटीपी और सीवेज पंपिंग स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने सीवेज निस्तारण, जल गुणवत्ता सुधार, प्लांट की कार्यप्रणाली तथा स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान आनंदी भैरों नाले का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पंपिंग स्टेशन की क्षमता 31 एमएलडी है और यहां स्थापित पांच पंपों के माध्यम से वर्तमान में 9 से 10 एमएलडी पानी की पंपिंग की जा रही है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अपशिष्ट सामग्री का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि पर्यावरण प्रदूषण न हो और प्लांट का संचालन सुचारू रूप से चलता रहे। उन्होंने स्वच्छता और रखरखाव व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

इसके बाद डीएम जगनपुर-दयालबाग स्थित एसटीपी पहुंचे और वहां उपचार प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्लांट संचालन को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी तकनीकी खराबी का तत्काल समाधान किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर का भी दौरा किया और प्लास्टिक व अन्य ठोस अपशिष्टों के पृथक्करण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने अपने समक्ष ऑटोमैटिक एनालाइजर मशीन से शोधित जल की बीओडी (बायोकेमिकल ऑक्सीजन डिमांड) की जांच कराई तथा रॉ सीवेज और ट्रीटेड सीवेज की गुणवत्ता, बैक्टीरिया स्तर और उपचार प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।

डीएम ने उपचारित जल की गुणवत्ता, मशीनों की कार्यक्षमता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संयंत्रों का संचालन प्रभावी एवं मानक अनुरूप होना चाहिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने फतेहाबाद रोड पर चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सीवेज पाइप लाइनों की लीकेज टेस्टिंग पर विशेष ध्यान देने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने और खुदाई के बाद सड़कों की गुणवत्तापूर्ण रीस्टोरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव और सड़क दुर्घटनाओं की समस्या से बचने के लिए सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना बेहद आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) जुबेर बेग, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण आर.पी. सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

video

Pages