हाईवे जाम से मिलेगी राहत: हाथरस-अलीगढ़ रूट की सभी बसें अब फाउंड्री नगर सैटेलाइट बस स्टेशन से संचालित होंगी
आगरा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम से जूझ रहे हजारों यात्रियों और वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने एक जून से हाथरस-अलीगढ़ रूट की सभी रोडवेज बसों का संचालन आईएसबीटी के बजाय फाउंड्री नगर सैटेलाइट बस स्टेशन (टेढ़ी बगिया) से करने का फैसला किया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद इस रूट की कोई भी बस आईएसबीटी से संचालित नहीं होगी।
अब हाथरस और अलीगढ़ जाने वाले यात्रियों को बस पकड़ने के लिए आईएसबीटी नहीं, बल्कि फाउंड्री नगर सैटेलाइट बस स्टेशन पहुंचना होगा। परिवहन निगम के इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगने वाले जाम को कम करना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है।
दरअसल, हाथरस-अलीगढ़ रूट की बसें आईएसबीटी से निकलने के बाद ट्रांसपोर्ट नगर, लॉयर्स कॉलोनी, भगवान टॉकीज फ्लाईओवर, अबूलाला दरगाह और वाटर वर्क्स चौराहे तक कई स्थानों पर रुककर सवारियां चढ़ाती और उतारती थीं। कई बार स्थिति ऐसी बन जाती थी कि हाईवे की तीन लेन में से दो लेन तक रोडवेज बसों के कब्जे में रहती थीं। इससे पूरा यातायात एक लेन में सिमट जाता था और कुछ ही समय में कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता था।
इस अव्यवस्था का सबसे अधिक असर कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंसों और आम यात्रियों पर पड़ता था। लोगों को प्रतिदिन घंटों जाम में फंसना पड़ता था, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती थी।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोडवेज बसों की अव्यवस्थित पार्किंग और अनधिकृत स्टॉपेज का मुद्दा कई बार प्रशासनिक बैठकों में भी उठाया गया। अधिकारियों द्वारा ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए, लेकिन लंबे समय तक स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं दिखा। ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद बसों द्वारा सड़क किनारे और कई बार सड़क के बीचोंबीच सवारियां भरने-उतारने का सिलसिला जारी रहा।
परिवहन निगम के इस नए निर्णय से उम्मीद की जा रही है कि हाईवे पर बसों के अनावश्यक ठहराव में कमी आएगी और भगवान टॉकीज, वाटर वर्क्स तथा आसपास के क्षेत्रों में लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। हालांकि नई व्यवस्था के पहले कुछ दिनों तक यात्रियों को अपने यात्रा कार्यक्रम में बदलाव करना होगा, क्योंकि अब हाथरस और अलीगढ़ जाने वाली सभी बसें फाउंड्री नगर सैटेलाइट बस स्टेशन से ही उपलब्ध होंगी।