ताजमहल के हाई-सिक्योरिटी यलो जोन में चेन स्नैचिंग, आंध्र प्रदेश की महिला पर्यटक बनी शिकार
आगरा। विश्व धरोहर और दुनिया के सात अजूबों में शामिल Taj Mahal के आसपास का क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है, लेकिन रविवार दोपहर यलो जोन में हुई चेन स्नैचिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाइक सवार दो बदमाशों ने आंध्र प्रदेश से आई एक महिला पर्यटक के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश निवासी एम. माधवी अपनी साथी महिलाओं के साथ ताजमहल का भ्रमण करने के बाद आगरा कैंट रेलवे स्टेशन जाने के लिए टैक्सी से रवाना हुई थीं। रास्ते में शिल्पग्राम के पास उन्होंने कुछ सामान खरीदने और अपने साथियों का इंतजार करने के लिए वाहन रुकवाया। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और मौका मिलते ही महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झपट्टामारों ने इतनी तेजी से वारदात को अंजाम दिया कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला। चेन छीनने के दौरान महिला के गले पर चोट भी आई। घटना के बाद उन्होंने शोर मचाया, लेकिन आरोपी बसई पुलिस चौकी की ओर जाने वाले मार्ग से तेज रफ्तार में भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
ताजमहल और उसके आसपास का इलाका पर्यटकों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी क्षेत्र माना जाता है, जहां पर्यटन पुलिस, स्थानीय पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तैनात रहती हैं। इसके बावजूद दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि ताजमहल और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का विश्वास बना रहे और आगरा की वैश्विक पहचान पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े।