घर के चबूतरे पर खड़ी ईको कार में लगी भीषण आग, अनाज और भूसा भी जलकर राख - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 4 जून 2026

घर के चबूतरे पर खड़ी ईको कार में लगी भीषण आग, अनाज और भूसा भी जलकर राख

घर के चबूतरे पर खड़ी ईको कार में लगी भीषण आग, अनाज और भूसा भी जलकर राख

आगरा। थाना खेरागढ़ क्षेत्र के रिठौरी गांव में बुधवार दोपहर एक घर के चबूतरे पर खड़ी ईको कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं, जो आग की लपटें देखकर घबरा गईं और चीख-पुकार मचाने लगीं।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इस बीच आग तेजी से फैलती हुई कार के आसपास रखे सामान तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही खेत में काम कर रहे वाहन स्वामी ओमवीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग कार और आसपास के हिस्से को अपनी गिरफ्त में ले चुकी थी।

ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ईको कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

आग की इस घटना में कार के अलावा घर के बाहरी कमरे में रखा करीब 6 क्विंटल गेहूं, 4 क्विंटल सरसों तथा लगभग एक बीघा का भूसा भी जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों के अनुसार कार से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया था, जिसके बाद अचानक आग की लपटें उठने लगीं। मामले की जांच की जा रही है।

video

Pages