नकली सोने की चेन देकर 1 लाख की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, रकाबगंज पुलिस ने नकदी समेत बरामद किए फर्जी आभूषण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 27 जुलाई 2026

नकली सोने की चेन देकर 1 लाख की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, रकाबगंज पुलिस ने नकदी समेत बरामद किए फर्जी आभूषण

नकली सोने की चेन देकर 1 लाख की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, रकाबगंज पुलिस ने नकदी समेत बरामद किए फर्जी आभूषण

आगरा। थाना रकाबगंज पुलिस ने नकली सोने की चेन देकर एक व्यक्ति से 1 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर टप्पेबाज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 85 हजार रुपये नकद और बड़ी मात्रा में नकली आभूषण बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने इसी तरह लोगों को लालच देकर ठगी करने की बात भी स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित अपनी पत्नी के इलाज के लिए 1 लाख रुपये लेकर घर से निकला था। वह ईदगाह बस स्टैंड से ऑटो में बैठकर प्रतापपुर चौराहे पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई। आरोपी ने उसे एक चेन दिखाते हुए दावा किया कि यह खुदाई में मिली असली सोने की चेन है और सस्ते में बेचने की बात कही। लालच में आकर पीड़ित ने आरोपी को 1 लाख रुपये दे दिए और चेन लेकर घर लौट आया।

घर पहुंचने के बाद जब पीड़ित ने चेन को सुनार को दिखाया तो पता चला कि वह सोने की नहीं बल्कि नकली धातु की बनी हुई है। इसके बाद पीड़ित ने थाना रकाबगंज में मुकदमा दर्ज कराया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। मुखबिर की सूचना पर 25 जुलाई को पुलिस ने ईदगाह रेलवे स्टेशन के बाहर से आरोपी सन्नी उर्फ चुन्नीलाल, निवासी महावीर बस्ती, भोपाल (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 85 हजार रुपये नकद, दो नकली मंगलसूत्र, एक मोतियों की चेन, सात जोड़ी नकली पायल और 11 जोड़ी नकली तोड़िया बरामद की हैं।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को नकली पीली धातु के आभूषणों को असली सोना बताकर सस्ते दाम में बेचने का लालच देता था और उनसे बड़ी रकम ठग लेता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि करीब 20 दिन पहले प्रतापपुर चौराहे पर उसने इसी तरीके से एक व्यक्ति से 1 लाख रुपये की ठगी की थी।

पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही यह भी पता लगा रही है कि उसने अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

video

Pages