हेयर कट कराने पहुंचे युवक पर जानलेवा हमला, तमंचे से फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में हेयर कट कराने पहुंचे एक युवक पर जानलेवा हमला करने और तमंचे से फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह बाल कटवाने के लिए एक दुकान पर बैठा था। इसी दौरान विपिन पुत्र मनोज दुकान के अंदर आया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए जब पीड़ित दुकान से बाहर निकला तो वहां पहले से मौजूद विपिन का साथी विनय ने उस पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि युवक बाल-बाल बच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद दोनों आरोपी अपने तीसरे साथी के साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में थाना जगदीशपुरा में मुकदमा संख्या 503/2026 के तहत धारा 115(2) एवं 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मेडिकल गड्डा से हरीपर्वत जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर घटना में शामिल दोनों आरोपियों विपिन और विनय को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले में फरार तीसरे साथी की तलाश कर रही है। साथ ही बरामद हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।