आगरा में 12 जुलाई को होगा वृक्षारोपण महायज्ञ-2026, 61.88 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य; डीएम मनीष बंसल ने तैयारियों की समीक्षा की - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 8 जुलाई 2026

आगरा में 12 जुलाई को होगा वृक्षारोपण महायज्ञ-2026, 61.88 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य; डीएम मनीष बंसल ने तैयारियों की समीक्षा की

आगरा में 12 जुलाई को होगा वृक्षारोपण महायज्ञ-2026, 61.88 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य; डीएम मनीष बंसल ने तैयारियों की समीक्षा की

आगरा। जनपद में पर्यावरण संरक्षण को लेकर 12 जुलाई 2026 को वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत आगरा में कुल 61 लाख 88 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक कर अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के दौरान सभी कॉलोनियों, ग्राम पंचायतों, स्कूलों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जनभागीदारी के साथ पौधारोपण कराया जाएगा। अभियान को एक उत्सव के रूप में मनाते हुए इसमें एनसीसी, एनजीओ, रोटरी क्लब, लॉयन्स क्लब, महिला समूह, स्कूली बच्चों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में बताया गया कि आगरा जनपद को कुल 61 लाख 88 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य मिला है, जिसमें वन विभाग को 19 लाख 68 हजार और अन्य विभागों को 42 लाख 20 हजार पौधों का लक्ष्य दिया गया है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि 12 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधारोपण कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहने और स्वयं मौके पर जाकर पौधारोपण स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस बार वृक्षारोपण अभियान को ‘एक स्कूल-एक गांव’ थीम पर संचालित किया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग ग्राम्य विकास विभाग के साथ समन्वय बनाकर सरकारी एवं निजी विद्यालयों की सहभागिता से व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाएंगे।

डीएम मनीष बंसल ने निर्देश दिए कि पौधारोपण स्थलों पर मिट्टी की गुणवत्ता की जांच, गड्ढा खुदाई, पौधों की उपलब्धता और खाद की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने पौधों की बेहतर वृद्धि के लिए विशेष रूप से गोबर की खाद के उपयोग पर जोर दिया और नगर निगम को पौधशालाओं में पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और नगर पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की जानकारी साझा की जाए। साथ ही सभी कार्यों का स्थलीय सत्यापन कर नियमित फीडबैक उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, डीएफओ राजेश कुमार, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, जिला विकास अधिकारी भावना यादव, बीएसए राकेश कुमार सिंह, डीआईओएस रविन्द्रपाल, डीसी मनरेगा रामायन सिंह यादव, डीपीआरओ मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


video

Pages