अपराधियों पर नकेल: 'आरी-प्लास' काम न आया, बरहन पुलिस के बिछाए जाल में फंसा केबल चोर- 12 घंटे में आरोपी अरेस्ट
ट्यूबवेल से तांबे का तार उड़ाने वाला शातिर आरोपी व उसका नाबालिग साथी गिरफ्तार, 35 किग्रा तार, बाइक व कटाई के औजार बरामद
जनपद आगरा:- कमिश्नरेट में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बरहन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। किसानों के नलकूपों ,ट्यूबवेल से केबल और तांबे के तार चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए पुलिस टीम ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को धर दबोचा, जबकि उसके एक बाल अपचारी (नाबालिग साथी) को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किया गया तांबे का तार, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तार काटने के औजार बरामद किए गए हैं।
मिली प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात को अज्ञात चोरों ने थाना बरहन क्षेत्र के ग्राम नगला पाण्डे स्थित एक किसान के खेत पर लगे समर-सेबल ,ट्यूबवेल से केबल काट ली थी। सुबह किसान जब खेत पर पहुंचा तो केबल गायब देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित किसान की तहरीर पर थाना बरहन ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गुरुवार को गश्त और चेकिंग के दौरान बरहन पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाले शातिर चोर माल को ठिकाने लगाने की नीयत से जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नगला धौकल बम्बे के पास घेराबंदी की और सफलता हासिल करते हुए 1 अभियुक्त व 1 बाल अपचारी को रंगे हाथों दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नगला पाण्डे में किसान के खेत पर लगे ट्यूबवेल से तांबे का तार चोरी किया था। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है।
बरहन पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 35 किग्रा काले रंग का तांबे का तार, 1 प्लास, 1 आरी का ब्लेड, मोटरसाइकिल बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरियाद खान पुत्र सईद खाँ निवासी अल्हैपुर चुरसैन, थाना चन्दपा जिला हाथरस के रूप में हुई है। 1 बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में है।
कानून का इकबाल बुलंद रहे, और अपराधियों के मन में खौफ... बरहन पुलिस की इस त्वरित व सटीक कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कमिश्नरेट आगरा में अपराध करने वालों की खैर नहीं।
थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी एवं एसएसआई गुड़वीर सिंह तथा उनकी जांबाज पुलिस टीम एसआई विक्रम सिंह, एसआई रोशन राणा, कांस्टेबल ललित सिंह, कांस्टेबल विशाल, कांस्टेबल अनुज कुमार की मुस्तैदी और कुशल रणनीति का ही परिणाम है कि किसानों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालने वाले चोर 12 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुँच गए।