सदर तहसील में डीएम मनीष बंसल का जनता दरबार: 139 शिकायतें सुनीं, 19 का मौके पर ही निस्तारण
आगरा। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को सदर तहसील में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान डीएम ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस में कुल 139 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही निस्तारण करा दिया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के लिए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश उप जिलाधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से संपर्क करें, स्थलीय निरीक्षण करें और समाधान के बाद शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी भी दें। साथ ही निस्तारण की पूरी आख्या पोर्टल पर अपलोड की जाए।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, विद्युत, पेंशन, राशन, चकरोड निर्माण एवं अतिक्रमण, नाली निर्माण और अवैध कब्जों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
विभागवार प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 42, पुलिस विभाग की 28, नगर निगम की 18, आगरा विकास प्राधिकरण की 9, विकास खंड की 4, शिक्षा विभाग की 1, टोरेंट पावर/विद्युत विभाग की 8 तथा अन्य विभागों की 29 शिकायतें शामिल रहीं।
संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, डीसीपी सैयद अली अब्बास, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, तहसीलदार सत्येंद्र कुमार, नायब तहसीलदार प्रियंका चौधरी, जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को राहत मिले और जनसुनवाई व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।