कमला नगर में फिर धंसी सड़क, 4 फीट गहरा गड्ढा बना; सपा नेता नितिन कोहली सीढ़ी लगाकर उतरे, भ्रष्टाचार के लगाए आरोप
आगरा। कमला नगर क्षेत्र में सड़क धंसने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले कर्मयोगी एंक्लेव मार्ग पर सड़क धंसने के बाद अब क्षेत्र में एक और सड़क धंस गई है, जिससे करीब चार फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
गड्ढे की गहराई दिखाने के लिए समाजवादी पार्टी के नेता नितिन कोहली मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीढ़ी लगाकर गड्ढे के अंदर उतरकर विरोध जताया और इसे "पाताल लोक का रास्ता" बताते हुए सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई और सड़क निर्माण में गिट्टी सहित अन्य सामग्री का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया गया।
नितिन कोहली ने जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए। उनका आरोप है कि जनता के पैसे से बनाए गए कार्य पहली ही बारिश में जवाब दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले कर्मयोगी एंक्लेव के पास भी बारिश के बाद सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया था और अब दूसरी जगह सड़क धंसने से लोगों में डर और नाराजगी बढ़ गई है। लोगों ने प्रशासन से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर सड़क धंसी है, वहां करीब एक वर्ष पहले जनकपुरी आयोजन के दौरान विकास कार्य कराए गए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।