आगरा: किसानों से ट्रैक्टर किराए पर लेकर हड़पने वाले गिरोह का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, 15 ट्रैक्टरों की ठगी का आरोप - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

आगरा: किसानों से ट्रैक्टर किराए पर लेकर हड़पने वाले गिरोह का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, 15 ट्रैक्टरों की ठगी का आरोप

आगरा: किसानों से ट्रैक्टर किराए पर लेकर हड़पने वाले गिरोह का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, 15 ट्रैक्टरों की ठगी का आरोप

आगरा। किसानों और ट्रैक्टर मालिकों को काम दिलाने का झांसा देकर ट्रैक्टर हड़पने वाले गिरोह के खिलाफ आगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी बीटू उर्फ मोटा को गिरफ्तार कर लिया है। थाना बमरौली कटारा पुलिस ने आरोपी को नवमील चौराहे के पास से दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और हड़पे गए ट्रैक्टरों की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह किसानों और ट्रैक्टर मालिकों को मथुरा हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्यों और अन्य परियोजनाओं में ट्रैक्टर लगाने का झांसा देता था। शुरुआत में आरोपियों द्वारा कुछ महीनों तक नियमित रूप से किराया देकर ट्रैक्टर मालिकों का विश्वास जीता जाता था। इसके बाद ट्रैक्टर लेकर आरोपी फरार हो जाते थे और न तो ट्रैक्टर वापस करते थे और न ही किराया देते थे।

जांच में सामने आया है कि गिरोह ने इसी तरीके से गांव के कई किसानों और ट्रैक्टर मालिकों से करीब 15 ट्रैक्टर किराए पर लिए और बाद में उन्हें हड़प लिया। पीड़ितों की शिकायत पर थाना बमरौली कटारा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने गिरोह के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह का सदस्य बीटू उर्फ मोटा नवमील चौराहे के पास मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों, ट्रैक्टरों के ठिकानों और पूरे नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में अभी कई आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही हड़पे गए ट्रैक्टरों की बरामदगी के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages