आगरा: यूपी-टीईटी परीक्षा देकर लौट रहे दंपती को हाईवे पर अज्ञात वाहन ने रौंदा, पत्नी की मौत, पति गंभीर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 3 जुलाई 2026

आगरा: यूपी-टीईटी परीक्षा देकर लौट रहे दंपती को हाईवे पर अज्ञात वाहन ने रौंदा, पत्नी की मौत, पति गंभीर

आगरा: यूपी-टीईटी परीक्षा देकर लौट रहे दंपती को हाईवे पर अज्ञात वाहन ने रौंदा, पत्नी की मौत, पति गंभीर

आगरा। आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी-टीईटी परीक्षा देकर लौट रहे दंपती को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र के गांव लतीफपुर कोटला निवासी मोहित कुमार अपनी पत्नी प्रिया चतुर्वेदी (33) को कुबेरपुर स्थित एक कॉलेज में आयोजित यूपी-टीईटी परीक्षा दिलाने के लिए आगरा लाए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर बुढ़िया के ताल के पास दोनों पानी पीने के लिए सड़क किनारे रुके थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि प्रिया चतुर्वेदी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति मोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया गया है कि घायल मोहित कुमार जम्मू में जीआरपी में तैनात हैं। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

video

Pages