आगरा में एफएसडीए की बड़ी कार्रवाई: बंद गोदाम से 1755 किलो खेसारी दाल बरामद, दो नमूने जांच के लिए भेजे - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 11 जुलाई 2026

आगरा में एफएसडीए की बड़ी कार्रवाई: बंद गोदाम से 1755 किलो खेसारी दाल बरामद, दो नमूने जांच के लिए भेजे

आगरा में एफएसडीए की बड़ी कार्रवाई: बंद गोदाम से 1755 किलो खेसारी दाल बरामद, दो नमूने जांच के लिए भेजे

आगरा। मिलावटी एवं प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने खेरागढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बंद गोदाम से 1755 किलोग्राम खेसारी दाल बरामद की है। टीम ने दाल के दो नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजते हुए शेष स्टॉक को विधिक कार्रवाई के तहत सीज कर दिया है।

शुक्रवार को एसडीएम खेरागढ़ के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार एवं रवीन्द्र सिंह परमार, नायब तहसीलदार हरिशंकर दुबे तथा थाना कागारौल के उपनिरीक्षक अनिल कुमार की संयुक्त टीम ने ग्राम नगला घुरैला स्थित एक बंद गोदाम पर छापा मारा। गोदाम का ताला तोड़कर निरीक्षण किया गया, जहां 59 बोरियों में कुल 1755 किलोग्राम खेसारी दाल भंडारित मिली। इनमें 58 बोरियों में 30-30 किलोग्राम तथा एक बोरी में 15 किलोग्राम दाल रखी हुई थी। बरामद दाल की अनुमानित बाजार कीमत 1.40 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

एफएसडीए टीम ने नियमानुसार खेसारी दाल के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए और शेष पूरे स्टॉक को सीज कर भवन स्वामी करण सिंह पुत्र हाकिम सिंह, निवासी ग्राम नगला घुरैला, थाना कागारौल की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवा दिया। यह व्यवस्था जांच रिपोर्ट आने तक प्रभावी रहेगी।

पूछताछ में भवन स्वामी करण सिंह ने बताया कि गोदाम किराये पर दिया गया था और उसमें रखी खेसारी दाल करीम खान, निवासी ग्राम सिंहपुर, थाना रजावली, जनपद फिरोजाबाद की है। उन्होंने यह भी बताया कि 19 मई 2026 को हुई पिछली प्रवर्तन कार्रवाई के बाद संबंधित किरायेदार दोबारा गोदाम पर नहीं आया।

एफएसडीए ने आमजन को सूचना जारी करते हुए कहा है कि यदि सीज की गई इस खेसारी दाल पर किसी व्यक्ति का वैध स्वामित्व या दावा है, तो वह सूचना के प्रकाशन की तिथि से 15 कार्यदिवस के भीतर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय, रोजगार कार्यालय परिसर, एम.जी. रोड, साईं की तकिया चौराहा, आगरा में आवश्यक अभिलेखों के साथ अपना दावा प्रस्तुत कर सकता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages