पिनाहट पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 24 घंटे में नाबालिग को सकुशल कराया बरामद, अपहरणकर्ता गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 8 जुलाई 2026

पिनाहट पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 24 घंटे में नाबालिग को सकुशल कराया बरामद, अपहरणकर्ता गिरफ्तार

पिनाहट पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 24 घंटे में नाबालिग को सकुशल कराया बरामद, अपहरणकर्ता गिरफ्तार

आगरा। थाना पिनाहट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग किशोर के अपहरण की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर अपहृत किशोर को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त छुरी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार थाना पिनाहट में वादी ने तहरीर देकर बताया कि सुबह करीब 10:45 बजे वह अपने पुत्र के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान मौहसिन उर्फ मौसिम पुत्र दिलशाद, निवासी मोहल्ला पठान टूला, कस्बा पिनाहट, हाथ में चाकू लेकर जबरन घर में घुस आया और वादी के नाबालिग पुत्र को पकड़कर अपने साथ ले गया। घटना के संबंध में थाना पिनाहट पर मु.अ.सं. 112/2026 के तहत धारा 333, 137(2) एवं 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, अपर पुलिस आयुक्त तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त पिनाहट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों को किशोर की सकुशल बरामदगी एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जांच के दौरान थाना पिनाहट पुलिस क्षेत्र में लगातार चेकिंग और तलाश अभियान चला रही थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सेकेंड पंप हाउस से बीहड़ की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास झाड़ियों से आरोपी मौहसिन पुत्र दिलशाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक छुरी भी बरामद हुई। इसके आधार पर मुकदमे में धारा 4/25 शस्त्र अधिनियम की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

पिनाहट पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल नाबालिग को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया गया, बल्कि आरोपी को भी कानून के शिकंजे में लाकर कमिश्नरेट पुलिस ने अपराध के प्रति अपनी सतर्कता और प्रभावी कार्यशैली का परिचय दिया।

video

Pages