आगरा में जेवर चमकाने के बहाने महिलाओं को बनाते थे शिकार, अंतरराज्यीय गिरोह के 3 शातिर गिरफ्तार
खेरागढ़ पुलिस और एसओजी पश्चिमी जोन की संयुक्त कार्रवाई, महिलाओं का भरोसा जीतकर गहने उड़ाने वाले बिहार के गिरोह का भंडाफोड़
आगरा। महिलाओं को जेवर साफ और चमकाने का झांसा देकर लाखों रुपये के गहने चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खेरागढ़ पुलिस और एसओजी सर्विलांस पश्चिमी जोन की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गांव-गांव घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते थे। पहले वे खुद को जेवर साफ करने वाला कारीगर बताकर महिलाओं का विश्वास जीतते थे, फिर केमिकल से गहने चमकाने का लालच देकर असली आभूषण चोरी कर लेते थे। कई मामलों में आरोपी महिलाओं और बच्चों को बातों में उलझाकर पलभर में गहने लेकर फरार हो जाते थे।
जांच में सामने आया कि गिरोह बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचता था ताकि पहचान छिपी रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत क्षेत्र छोड़ देते थे। गिरोह के सदस्य अपने साथ केमिकल, तराजू, गैस सिलेंडर और अन्य उपकरण रखते थे, जिससे लोगों को उनकी बातों पर आसानी से विश्वास हो जाता था।
खेरागढ़ पुलिस और एसओजी पश्चिमी जोन की संयुक्त कार्रवाई में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं और संभावित साथियों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में उन्होंने कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस ने आमजन, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर अपने सोने-चांदी के आभूषण साफ कराने के लिए न दें। संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें, जिससे ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।