आगरा ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: सड़क से सवारी भरने वाली 49 रोडवेज बसों के चालान, 17 बसें सीज
आगरा। शहर में हाईवे और प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या से निपटने के लिए आगरा ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाली रोडवेज बसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 49 रोडवेज बसों का चालान किया गया, जबकि 17 बसों को सीज कर दिया गया।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) सोनम कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान में ट्रांसपोर्ट नगर पुल के नीचे, अब्बूलाला दरगाह, सुधा नर्सरी और रामबाग पुल (NH-19) सहित प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, कई रोडवेज बस चालक निर्धारित आईएसबीटी बस स्टैंड से सवारियां लेने के बजाय ट्रांसपोर्ट नगर पुल के नीचे, अब्बूलाला दरगाह, रामबाग चौराहा और अन्य स्थानों पर सड़क किनारे बसें खड़ी कर सवारियां भरते हैं। इससे हाईवे पर यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
रविवार को चलाए गए विशेष अभियान में ऐसे सभी बस चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 49 बसों के चालान किए गए तथा 17 बसों को सीज किया गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर अवैध रूप से बसें खड़ी कर सवारियां भरने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने बस चालकों से निर्धारित बस स्टैंड का ही उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि शहर में जाम और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।