अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर आगरा में सपा का सेवा दिवस, रक्तदान से लेकर फल वितरण तक हुए कई कार्यक्रम
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को ताजनगरी आगरा में सेवा और जनकल्याण को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दिनभर चले आयोजनों में समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर केक काटा और राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 10 बजे दिल्ली गेट स्थित समर्पण ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर से हुई। छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष अमित प्रताप यादव के नेतृत्व में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया।
इसके बाद सुबह 11:30 बजे घटिया आजम खां स्थित विधवा आश्रम में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुजुर्ग महिलाओं के बीच केक काटा और फल वितरित किए। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने महिलाओं का आशीर्वाद लेकर सामाजिक सरोकारों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
दोपहर 12:30 बजे ताजनगरी स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में मुख्य जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर रामजी लाल सुमन की उपस्थिति में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से केक काटा और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद दोपहर 1:30 बजे पूर्व जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव के निवास (वीजी क्राफ्ट पैलेस) पर विशेष गोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
दिनभर चले आयोजनों का समापन शाम 4 बजे जीवनी मंडी स्थित महानगर कैंप कार्यालय पर हुआ। यहां कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक विभिन्न कार्यक्रमों में मौजूद रहे।