आगरा पहुंचे कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, बोले- उत्तर प्रदेश में बदलाव चाहती है जनता - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 2 जुलाई 2026

आगरा पहुंचे कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, बोले- उत्तर प्रदेश में बदलाव चाहती है जनता

आगरा पहुंचे कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, बोले- उत्तर प्रदेश में बदलाव चाहती है जनता

आगरा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बुधवार को अपने पहले उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान आगरा पहुंचकर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कुशासन का माहौल है और जनता अब बदलाव चाहती है।

नई दिल्ली से मथुरा होते हुए आगरा पहुंचे राजेंद्र पाल गौतम का रहनकलां टोल प्लाजा पर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी और राजेंद्र पाल गौतम के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

मीडिया से बातचीत में राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में दलितों पर अत्याचार, महिलाओं के साथ अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।

राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की घटनाएं हुई हैं तो यह धर्म और समाज दोनों के साथ विश्वासघात है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया, जिससे यह संदेश जाता है कि सरकार विपक्ष से भयभीत है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर और पुलिस कार्रवाई का सबसे अधिक असर गरीब और कमजोर वर्गों पर पड़ रहा है।

राजेंद्र पाल गौतम ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी आगामी चुनावों की तैयारी कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के परिणाम राष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय करेंगे और वर्ष 2029 में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे।

स्वागत कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह दिवाकर, जिलाध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र चिल्लू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अश्विनी जैन, मनोज बोहरा, पीसीसी सदस्य शानू खान, उमेश जोशी, शीनू खान, शैफ खान, रफीक उर्फ बिट्टा, शब्बू खान वारसी, जीशान खान, संदीप पांडेय, नासिर जलील सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

video

Pages