ईमानदारी की मिसाल बनी किरावली पुलिस: किसान के खोए ₹71 हजार दो घंटे में खोजकर सकुशल लौटाए - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 19 जुलाई 2026

ईमानदारी की मिसाल बनी किरावली पुलिस: किसान के खोए ₹71 हजार दो घंटे में खोजकर सकुशल लौटाए

ईमानदारी की मिसाल बनी किरावली पुलिस: किसान के खोए ₹71 हजार दो घंटे में खोजकर सकुशल लौटाए

भरतपुर से बाजरा बेचकर लौटते समय जेब से गिरी थी नकदी, रात 2:30 बजे पुलिस ने फोन कर दी खुशखबरी

आगरा। आमजन की सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में थाना किरावली पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए एक किसान की खोई हुई ₹71,000 की नगदी बरामद कर उसे उसके वास्तविक स्वामी को सकुशल सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता और ईमानदार कार्यशैली की क्षेत्र में खूब प्रशंसा हो रही है।

जानकारी के अनुसार प्रमोद पुत्र कारे, निवासी लाल दरवाजा, नगला हरदासी, थाना बरहन, शुक्रवार को अपनी बाजरे की फसल बेचने के लिए भरतपुर गए थे। फसल बेचने के बाद लौटते समय उन्होंने जिओ पेट्रोल पंप के समीप स्थित प्रिया ढाबे पर भोजन किया। इसी दौरान उनकी जेब से ₹71 हजार की नगदी कहीं गिर गई।

कुछ दूरी आगे बढ़ने पर जब किसान को पैसे गायब होने का एहसास हुआ तो वह घबरा गया और तत्काल डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना किरावली प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ढाबे के आसपास गहन खोजबीन शुरू कर दी।

करीब दो घंटे की लगातार तलाश, पूछताछ और छानबीन के बाद पुलिस टीम ने किसान की पूरी ₹71 हजार की नगदी बरामद कर ली। इस बीच किसान पैसे न मिलने की उम्मीद छोड़कर घर लौट गया था, लेकिन पुलिस टीम लगातार प्रयास में जुटी रही।

देर रात लगभग 2:30 बजे पुलिस ने किसान प्रमोद को फोन कर उसकी खोई हुई रकम मिलने की सूचना दी। शनिवार को किसान थाना किरावली पहुंचा, जहां पुलिस अधिकारियों ने पूरी राशि सुरक्षित उसके सुपुर्द कर दी। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर किसान की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने थाना किरावली पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता और ईमानदारी के कारण उसकी मेहनत की कमाई सुरक्षित वापस मिल सकी।

इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह, उपनिरीक्षक जागेश्वर सिंह, उपनिरीक्षक हिमांशु तथा कांस्टेबल नीरज विकल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मानवीय पहल की प्रशंसा करते हुए इसे जनता और पुलिस के बीच विश्वास का मजबूत उदाहरण बताया।

video

Pages